उदयपुरवाटी,कैलाश बबेरवाल। कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में शनिवार रात क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। रोशनी से जगमगाते मैदान में उदयपुरवाटी प्रीमियर लीग (UPL) सीजन-2 का रंगारंग और भव्य उद्घाटन किया गया।

मुख्य अतिथि एवं आईपीएल खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने शानदार छक्का लगाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने मैदान पर एक ओवर खेलकर चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी, जिससे दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

20 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होगा खिताबी मुकाबला

आयोजन समिति के सदस्य अमित पोसाना ने बताया कि इस रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में 20 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रत्येक टीम को चार-चार लीग मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी और इसके बाद फाइनल मुकाबले में खिताब का फैसला होगा।

उद्घाटन मैच में सन राइज स्कूल टीम की जीत

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला सिद्धि विनायक टीम और सन राइज स्कूल टीम के बीच खेला गया।

दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में सन राइज स्कूल टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए उद्घाटन मैच अपने नाम कर लिया।

“प्रतिभाओं को मंच देना जरूरी”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय विधायक भगवाना राम सैनी ने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

“हमारे गांवों में खेल प्रतिभाओं का अपार भंडार है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। ऐसे आयोजन युवाओं के भविष्य को नई दिशा देते हैं।”

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

खेल भावना और अनुशासन का दिया संदेश

विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी रामपाल मीणा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को हमेशा अनुशासन, खेल भावना और भाईचारे के साथ खेलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान पर दिखाया गया समर्पण और जज्बा ही एक खिलाड़ी की असली पहचान होता है।

दर्शकों से खचाखच भरा मैदान

उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र के वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों तथा गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

रात के उजाले में चौके-छक्कों की गूंज और दर्शकों की तालियों ने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City